बैतूल। थाना गंज पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी आकाश उर्फ रज्जु यादव को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 17 अप्रैल 2026 को फरियादी विशाल सातनकर निवासी सुभाष वार्ड हमलापुर ने थाना गंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ओमप्रकाश यादव, नवीन यादव, फुलचंद उर्फ पिल्लू करोचे एवं अन्य साथियों ने उसके पिता बाबूराव सातनकर के साथ जान से मारने की नियत से मारपीट की थी। मामले में थाना गंज में अपराध क्रमांक 98/26 धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

विवेचना के दौरान घायल बाबूराव सातनकर की उपचार के दौरान मृत्यु हो जाने पर प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस बढ़ाई गई और मामले को हत्या में परिवर्तित किया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी श्री सुनील लाटा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी आकाश उर्फ रज्जु पिता साहबलाल यादव उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम बरसाली, हमलापुर चौक क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मेढ़ विवाद को लेकर बाबूराव सातनकर के साथ मारपीट कर हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का नोजल पाइप भी बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले में पूर्व में ओमप्रकाश उर्फ नानू यादव, फुलचंद उर्फ पिल्लू करोचे, नवीन उर्फ नवीन्द्र यादव एवं संजय यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। वहीं गिरफ्तार किए गए फरार आरोपी आकाश उर्फ रज्जु यादव को भी शुक्रवार को माननीय न्यायालय बैतूल में पेश किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक नीरज पाल, उपनिरीक्षक संदीप परतेती, प्रधान आरक्षक अंकित अग्निहोत्री, आरक्षक नवीन रघुवंशी, आरक्षक अनिरुद्ध, आरक्षक दीपेन्द्र, आरक्षक राजेन्द्र धाडसे, आरक्षक चन्द्रशेखर हिंगवे एवं आरक्षक नरेन्द्र धुर्वे की सराहनीय भूमिका रही।