गढाकोटा। शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय सागर की प्राचार्य डॉ०सरोज गुप्ता ने शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गढ़ाकोटा तथा शासकीय महाविद्यालय शाहपुर का औचक निरीक्षण किया। 

गढ़ाकोटा कॉलेज के प्राचार्य डॉ० घनश्याम भारती तथा शाहपुर कॉलेज की प्राचार्य डॉ० किशोरी सोनी की उपस्थिति में डॉ० गुप्ता ने दोनों महाविद्यालयों के शिक्षकों तथा कर्मचारियों के उपस्थिति रजिस्टर, ई- प्रवेश के संदर्भ में हेल्प डेक्स, सेल्फी प्वाइंट, परिसर में स्वच्छता, जल व्यवस्था, परीक्षा संचालन, कैश बुक का निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान डॉ०गुप्ता ने महाविद्यालय में ई-प्रवेश तथा महाविद्यालय के सुचारू संचालन हेतु कई महत्त्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। गढ़ाकोटा कॉलेज के प्राचार्य डॉ० घनश्याम भारती तथा शाहपुर कॉलेज की प्राचार्य डॉ० किशोरी सोनी ने अपने-अपने महाविद्यालयों की व्यवस्थाओं से डॉ०सरोज गुप्ता को रूबरू कराया। डॉ० गुप्ता ने शिक्षकों तथा कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं की ई-प्रवेश संबंधी समस्याओं का निराकरण हेल्प डेक्स से जुड़े शिक्षकों को करना आवश्यक है उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि हेल्प डेक्स से जुड़े प्राध्यापकों को प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु विद्यार्थियों के लिए विषय चयन के साथ अन्य समस्याओं का निराकरण कर उनकी सहायता करना जरूरी है। डॉ० सरोज गुप्ता ने दोनों महाविद्यालयों की समुचित व्यवस्थाओं हेतु प्रसन्नता व्यक्त की।

निरीक्षण के दौरान दोनों महाविद्यालयों के लिपिक बृजलाल अनुरागी, नितीश नामदेव सहित शिक्षक, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।