सारणी।सारनी–आमला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पाथाखेड़ा स्थित वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) की खदानों में कार्यरत ठेका मजदूरों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। वर्षों से चले आ रहे शोषण और अनदेखी से परेशान मजदूरों ने क्षेत्रीय विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे से मुलाकात कर अपनी समस्याओं को विस्तार से रखते हुए ज्ञापन सौंपा और त्वरित समाधान की मांग की।

मजदूरों ने आरोप लगाया कि हाई पावर कमेटी (HPC) द्वारा निर्धारित लगभग ₹1365 प्रतिदिन मजदूरी के बावजूद उन्हें पूरा भुगतान नहीं किया जा रहा है। इतना ही नहीं, उन्हें सीएमपीएफ (CMPF), ईपीएफ (EPF) और पीएफ (PF) जैसी अनिवार्य वैधानिक सुविधाओं से भी वंचित रखा जा रहा है, जो सीधे तौर पर श्रम कानूनों का उल्लंघन है।

*सुरक्षा और स्वास्थ्य से भी खिलवाड़*

मजदूरों ने बताया कि खदानों में कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का घोर अभाव है। बिना सुरक्षा साधनों के काम करने को मजबूर मजदूर हर दिन अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। वहीं, समुचित चिकित्सा सुविधाएं न होने से मजदूरों और उनके परिवारों की स्थिति और अधिक दयनीय हो गई है।

*आंदोलन और समझौते के बाद भी नहीं मिला हक*

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे मनोज पवार ने बताया कि 4 फरवरी 2026 से लगातार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दी जा रही हैं। मजदूरों ने 18 दिनों तक शांतिपूर्ण आंदोलन भी किया, जिसके बाद प्रशासन, ठेकेदार और प्रबंधन के बीच समझौता हुआ था।

समझौते के तहत 3 दिनों में बकाया वेतन भुगतान और 16 मार्च 2026 तक सभी मजदूरों को काम पर वापस लेने का आश्वासन दिया गया था।

लेकिन हकीकत यह है कि आज तक न तो कई मजदूरों का बकाया वेतन मिला और न ही करीब 80 मजदूरों को पुनः काम पर रखा गया, जिससे मजदूरों में भारी आक्रोश है।

*विधायक से हस्तक्षेप की मांग, आंदोलन की चेतावनी*

मजदूरों ने विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे से मांग की है कि वे इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर उच्च स्तरीय जांच कराएं और दोषी ठेकेदार व प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।

मजदूरों का कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो यह मामला व्यापक आंदोलन का रूप ले सकता है, जिससे क्षेत्र में सामाजिक और औद्योगिक अशांति की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि विधायक का एक ठोस कदम सैकड़ों परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है और उन्हें उनका हक दिला सकता है।

*ये रहे मौजूद प्रमुख मजदूर प्रतिनिधि*

इस दौरान मजदूरों का नेतृत्व कर रहे मनोज पवार, राजेश भूमरकर, सत्यवान मंडल, धर्मेन्द्र चौरे, लिखीराम यादव, बाबूलाल भारती, राहुल अमरे, भगवानदास, दिनेश सहित अन्य बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित रहे।