जीएम पहुंचे मुलताई मीडिया कवरेज से रोका गया,कहा पहले लोकल अथॉरिटी से अनुमति लेना था 

मुलताई रेलवे स्टेशन पर बुधवार को उस समय विवाद की स्थिति बन गई जब रेलवे के जीएम राजीव श्रीवास्तव के निरीक्षण दौरे के दौरान रेलवे पुलिस और आरपीएफ अधिकारियों ने मीडिया कर्मियों को कवरेज करने से रोक दिया। मौके पर मौजूद पत्रकारों का आरोप है कि आरपीएफ के एक अधिकारी ने उनसे कहा कि “कवरेज करने से पहले लोकल अथॉरिटी से अनुमति लेना जरूरी था, भीड़ मत लगाओ, कवरेज हो गया।” इस व्यवहार को लेकर पत्रकारों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।

बताया जा रहा है कि मुलताई रेलवे स्टेशन पर पिछले लंबे समय से विभिन्न निर्माण कार्य चल रहे हैं। स्टेशन परिसर में सुविधाओं के विस्तार के साथ रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण भी जारी है, लेकिन करीब दो वर्षों से कार्य अधूरे पड़े होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन पर पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा तक सुचारु रूप से उपलब्ध नहीं होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

निरीक्षण के दौरान जीएम ने निर्माण कार्यों की धीमी गति और व्यवस्थाओं की स्थिति को लेकर स्थानीय रेलवे अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई। सूत्रों के अनुसार उन्होंने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।

जीएम के दौरे की जानकारी मिलने पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों के प्रतिनिधि अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन आरोप है कि रेलवे पुलिस ने किसी को भी जीएम से मिलने नहीं दिया। वहीं मीडिया को भी निरीक्षण कवरेज से दूर रखा गया।

करीब आधे घंटे तक मुलताई स्टेशन पर रुकने के बाद जीएम ने निर्माण कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर आगे के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली और मीडिया के प्रति रवैये को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।