बैतूल। हत्या के प्रकरण में पेरोल पर बाहर आकर फरार हुए एक सजायाफ्ता आरोपी को करीब 10 वर्ष बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई वीरेन्द्र जैन (पुलिस अधीक्षक, बैतूल) के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी मुलताई एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुलताई निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार के नेतृत्व में गठित टीम ने वर्ष 2012 के हत्या प्रकरण में फरार चल रहे वारंटी आरोपी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की।
मामले में चौकी मासोद, थाना मुलताई क्षेत्र निवासी आरोपी इठोल कंगाले (उम्र 42 वर्ष) के खिलाफ माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर द्वारा सीआरए क्रमांक 1286/2012 में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था, जो थाना मुलताई को 18 अप्रैल 2023 को प्राप्त हुआ था। आरोपी हत्या के मामले में सजा काटने के बाद पेरोल पर बाहर आया था, लेकिन वापस जेल न जाकर फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी बेहद शातिर प्रवृत्ति का है और पिछले करीब 10 वर्षों से गिरफ्त से दूर था। उसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी और मुखबिर तंत्र सक्रिय रखा गया था।
इसी बीच पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि आरोपी औरंगाबाद में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। कड़ी मशक्कत के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को 21 अप्रैल 2026 को माननीय सीजीएम न्यायालय बैतूल में पेश किया गया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमित पवार, प्रधान आरक्षक वलराम सरेयाम, रामकृष्ण सिलारे, हाकम सिंह तथा आरक्षक शिवराम और मेहमान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
— बैतूल पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है, जिससे फरार आरोपियों पर शिकंजा कसता जा रहा है।

Continue With Google
Comments (0)