सागर (मप्र) में एचपीवी टीकाकरण में शानदार प्रदर्शन, प्रदेश में 5वां स्थान

किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सरवाइकल) कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान में सागर जिले ने अनुकरणीय प्रदर्शन किया है। प्रदेश स्तर पर सागर जिले ने 5वां स्थान प्राप्त किया है, जबकि संभाग स्तर पर यह पहले नंबर पर है।

जहां भोपाल, इंदौर और जबलपुर जैसे महानगर 40-45% कवरेज पर संघर्ष कर रहे हैं, वहीं सागर के ग्रामीण क्षेत्रों ने वैक्सीनेशन में मिसाल पेश की है। जिले के शाहगढ़ और केसली ब्लॉकों ने 100% से अधिक लक्ष्य हासिल कर अपनी मुस्तैदी साबित की है।

आंकड़ों की जुबानी: प्रदेश और जिले की स्थिति

  • प्रदेश का कुल लक्ष्य: 8,03,684 किशोरियां
  • अब तक कुल टीकाकरण: 5,44,412 (67.74%)
  • सागर जिले का कवरेज: 92.99%
  • सागर में कुल टीकाकृत: 22,833 (लक्ष्य: 24,554)

संभाग में कौन कहाँ?

  • सागर: 1st (प्रदेश में 5वां)
  • छतरपुर: प्रदेश में 16वां स्थान
  • टीकमगढ़: प्रदेश में 18वां स्थान
  • दमोह: 50वें स्थान के साथ सबसे पीछे

ब्लॉकवार रिपोर्ट: शाहगढ़ और केसली 'अव्वल', मालथौन 'सुस्त'

सागर जिले में ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता का असर साफ दिखाई दे रहा है। कुछ ब्लॉकों ने निर्धारित लक्ष्य को भी पार कर लिया है:

  • शाहगढ़: 101.1% वैक्सीनेशन के साथ जिले में प्रथम
  • केसली: 100.3% कवरेज के साथ द्वितीय स्थान
  • मालथौन: 80.87% कवरेज, जो जिले में सबसे कम है

बड़े शहरों की सुस्त रफ्तार पर सवाल

हैरानी की बात यह है कि संसाधनों से भरपूर प्रदेश के बड़े जिले जैसे भोपाल, इंदौर और जबलपुर अब तक केवल 40 से 45 प्रतिशत लक्ष्य ही हासिल कर पाए हैं। इसके विपरीत राजगढ़ और डिंडोरी जैसे जिलों ने 100% लक्ष्य प्राप्त कर प्रदेश में शीर्ष स्थान बनाया है।

क्या है एचपीवी टीका?

HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन किशोरियों को भविष्य में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाती है। सरकार द्वारा नि:शुल्क चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य कैंसर की दर में कमी लाना है। स्वास्थ्य विभाग अब उन ब्लॉकों और जिलों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है जहाँ कवरेज कम है, ताकि प्रथम चरण के लक्ष्य को जल्द से जल्द शत-प्रतिशत पूरा किया जा सके।