बोरगांव-शेरगढ़ में नहर की पाइपलाइन कटी, 45-50 किसानों की बुवाई अटकी
आठ दिन से चालू नहर का पानी खेतों तक नहीं पहुंच रहा, पेटी बॉक्स खुले पड़े होने से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बोरगांव-शेरगढ़ (प्रभात पट्टन)।
KDS ग्रुप द्वारा बोरगांव-शेरगढ़ में निर्मित डैम की नहर से किसानों को पानी नहीं मिल पा रहा है। नहर चालू हुए करीब आठ दिन बीत चुके हैं, लेकिन जगह-जगह अंडरग्राउंड पाइपलाइन कटने से पानी खेतों तक पहुंचने के बजाय व्यर्थ बह रहा है।
इससे करीब 45 से 50 किसानों की बुवाई प्रभावित हो रही है और किसान परेशान हैं।
डैम की नहर के लिए अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाई गई है। पाइपलाइन में पानी के प्रवाह को नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह वाल्व और पेटी बॉक्स बनाए गए हैं, लेकिन इनकी सुरक्षा के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।
पेटी बॉक्स खुले पड़े हैं, न तो उन पर ताले लगाए गए हैं और न ही निगरानी के लिए किसी कर्मचारी की तैनाती है। किसानों का आरोप है कि सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में अज्ञात व्यक्ति द्वारा कई स्थानों पर पाइपलाइन काट दी गई है। वहीं, एक स्थान पर 140 एमएम डायमीटर की पाइप KDS ग्रुप द्वारा ही काटे जाने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई।
पाइपलाइन कटने के कारण किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। समय पर सिंचाई नहीं होने से खेत तैयार करने और बुवाई का काम अटका हुआ है। करीब 45 से 50 किसान इस समस्या से प्रभावित हैं। किसानों का कहना है कि बुवाई का समय निकलने के साथ उनकी फसल और आर्थिक नुकसान की चिंता बढ़ती जा रही है।
किसानों ने बताया कि समस्या को लेकर दो-तीन दिन पहले डैम के इंचार्ज प्रफुल से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इसके बाद पाइपलाइन इंचार्ज प्रकाश बरोले से संपर्क करने का प्रयास किया गया, मगर कई बार फोन लगाने के बाद भी बात नहीं हो सकी। किसानों का आरोप है कि उन्हें संतोषजनक जवाब देने के बजाय टालने का प्रयास किया गया।
किसानों का कहना है कि वे किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहते, बल्कि उनकी मांग है कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कर नहर का पानी खेतों तक पहुंचाया जाए। किसानों ने प्रशासन और KDS ग्रुप से पाइपलाइन जल्द दुरुस्त करने तथा खुले पेटी बॉक्स की सुरक्षा के लिए ताले और निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो।
Continue With Google