राशन वितरण में बड़ा खेल! नमक देने के बहाने लगवाए अंगूठे, ग्रामीणों को नहीं मिला अनाज
जून माह का पूरा राशन हड़पने का आरोप, जनपद सदस्य सरोज यादव ने जिला खाद्य अधिकारी से की निष्पक्ष जांच की मांग
शहडोल। जिले के गोहपारू विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत दुलादर की शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने दुकान संचालक पर नमक देने के बहाने बायोमैट्रिक (POS) मशीन पर अंगूठा लगवाने और इसके बाद भी उन्हें खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि राशन दुकान संचालक द्वारा केवल नमक देने की बात कहकर हितग्राहियों से मशीन पर अंगूठे लगवा लिए गए, लेकिन अंगूठा लगवाने के बावजूद उन्हें गेहूं और चावल सहित निर्धारित राशन नहीं दिया गया। इतना ही नहीं, ग्रामीणों के अनुसार अंगूठा लगवाने के बाद उन्हें वितरण से संबंधित कोई रसीद या पर्ची भी उपलब्ध नहीं कराई गई।
मामले में सबसे गंभीर आरोप जून माह के राशन वितरण को लेकर लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि जून महीने का पूरा राशन वास्तविक रूप से वितरित किए बिना ही POS मशीन और सरकारी रिकॉर्ड में वितरण दर्ज कर दिया गया। यदि ग्रामीणों के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह सार्वजनिक वितरण प्रणाली में गंभीर अनियमितता का मामला हो सकता है।
इस पूरे मामले को लेकर जनपद पंचायत गोहपारू के क्षेत्र क्रमांक 09 की जनपद सदस्य सरोज यादव ने जिला खाद्य अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर मामले से अवगत कराया है। उन्होंने शिकायत के माध्यम से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, वास्तविक हितग्राहियों के बयान दर्ज करने तथा POS मशीन के रिकॉर्ड और राशन वितरण रजिस्टर का मिलान कराने की मांग की है।
अब देखना होगा कि खाद्य विभाग इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और ग्रामीणों को उनके हक का राशन दिलाने के लिए क्या कार्रवाई करता है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और यदि अनियमितता प्रमाणित होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
STATE NEWS SHAHDOL DEEPENDRA SINGH BAGHEL 8602955395
Continue With Google