आलोट। शासकीय महाविद्यालय आलोट में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना एवं प्रोफेशनल डेवलपमेंट के अंतर्गत व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को कैरियर चयन, व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा व्यावसायिक कौशल विकसित करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दिनेश सोलंकी एवं कमलेश बारोड ने विद्यार्थियों को सरकारी और निजी क्षेत्र में उपलब्ध कैरियर अवसरों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, साक्षात्कार में सफलता के तरीके तथा रोजगार के लिए आवश्यक कौशलों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने कैरियर से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अतिथियों ने समाधान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मंजूलता चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि बदलते समय के अनुरूप नए कौशल सीखकर स्वयं को प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना चाहिए। स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को आत्मविश्वास, लक्ष्य निर्धारण और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम की संयोजक डॉ. सरला अखंड रहीं। संचालन प्रो. संदीप सांखला ने किया तथा आभार डॉ. सरला अखंड ने व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।