भैंसदेही–घोड़ाडोंगरी विधानसभा में संगठनात्मक सर्जरी कर कांग्रेस ने बनाए 10 ब्लॉक अध्यक्ष

 

नई टीम के गठन से कांग्रेस ने साफ किया- अब सीधी लड़ाई संगठन के दम पर होगी

 

कठिन परिस्थितियों में काम करने वालों को मिली जिम्मेदारी, नई टीम से संगठन में बढ़ा उत्साह

 

बैतूल। जिले की भैंसदेही और घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय विनोद डागा की अनुशंसा पर ब्लॉक अध्यक्षों की नई टीम का गठन किया गया है, जिसमें अनुभवी नेताओं के साथ युवा और सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी जिम्मेदारी देकर साफ संकेत दिया गया है कि आने वाले समय में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

- संगठन में अनुभव और नई ऊर्जा का संतुलन

नई टीम के गठन में सबसे खास बात यह रही कि 10 में से 3 ब्लॉक अध्यक्षों को उनकी उत्कृष्ट कार्यक्षमता के आधार पर पुनः जिम्मेदारी सौंपी गई है। नीरज राठौर, रानू ठाकुर और राजकुमार मस्कोले को एक बार फिर से ब्लॉक अध्यक्ष बनाकर यह स्पष्ट कर दिया गया है कि संगठन मेहनत और परिणाम देने वाले कार्यकर्ताओं को ही प्राथमिकता दे रहा है। लगातार सक्रिय रहने वाले इन नेताओं पर भरोसा जताकर जिला कांग्रेस कमेटी ने कार्यकर्ताओं के बीच एक सकारात्मक संदेश दिया है।

- विपरीत परिस्थितियों में काम करने वालों को मिला सम्मान

घोड़ाडोंगरी ब्लॉक से हरप्रीत सोनू खनुजा को ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी संगठन क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया और नगर परिषद से लेकर जनपद स्तर तक कांग्रेस का परचम लहराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी प्रकार चिचोली ब्लॉक से सुभाष यादव को जिम्मेदारी देकर संगठन ने उन नेताओं को आगे बढ़ाया है, जिन्होंने मिलनसार व्यवहार और मजबूत संगठन कौशल के दम पर कठिन परिस्थितियों में भी जनपद पर कांग्रेस की पकड़ बनाए रखी।

- जुझारू और जमीन से जुड़े चेहरों को प्राथमिकता

चोपना उपब्लॉक से नितईकर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। लगातार जन समस्याओं को उठाने और जुझारूपन के चलते वे संगठन की मजबूत आवाज बनकर उभरे हैं। शाहपुर ब्लॉक से पहलवान सिंह को ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया है, जो पूर्व में महामंत्री रह चुके हैं और हर परिस्थिति में कांग्रेस के लिए संघर्ष करते रहे हैं। संगठन ने उन्हें सच्चे जांबाज सिपाही के रूप में जिम्मेदारी देकर यह साबित किया है कि जमीनी कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

- युवा चेहरों और किसानों को मिला मौका

नई टीम में रूपलाल यादव, सियाराम यादव और गोपाल आजाद जैसे नए युवा चेहरों को भी मौका दिया गया है। खास बात यह है कि इन नेताओं का संबंध सीधे किसान वर्ग से है और उन्हें जिम्मेदारी देकर संगठन ने यह संदेश दिया है कि अब गांव और खेत से जुड़े मुद्दों को ज्यादा मजबूती से उठाया जाएगा। युवा ऊर्जा और किसानों की भागीदारी से संगठन में नई ताकत देखने को मिल रही है।