ऑनलाइन सट्टे के विरुद्ध गुना पुलिस की प्रभावी कार्यवाही
आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टे के बड़े गिरोह का भंडाफोड़
धरनावदा थाना क्षेत्र में थार गाड़ी में संचालित हो रहा था अवैध सट्टा कारोबार
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में जिला गुना में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है। इसी क्रम में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण एवं डीएसपी श्री आनंद राय के नेतृत्व में धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रूहिल शर्मा और विशेष टीम ने आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए एक बड़े और अंतर्राज्यीय संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया।
दिनांक 22 अप्रैल 2026 की रात में, पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि धरनावदा थानांतर्गत रूठियाई चौकी के पास एक थार गाड़ी में कुछ व्यक्ति आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहे हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर तीन संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के नाम विकास पाटिल, दिव्यांशु उर्फ नैनो, और शुभम उर्फ टीआई हैं।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें विभिन्न ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट्स एवं आईडी संचालित होना पाया गया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित रूप से ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित कर रहे थे और विभिन्न व्यक्तियों को यूजर आईडी एवं पासवर्ड उपलब्ध कराते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 3.50 लाख रुपए के मोबाइल फोन, 31,700 रुपए नगदी, और 20 लाख रुपए मूल्य की थार कार बरामद की।
गिरफ्तारशुदा आरोपी विकास पाटिल एवं दिव्यांशु उर्फ नैनो आदतन अपराधी हैं, जिनका पूर्व में भी आपराधिक इतिहास है। इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में कई प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी दिव्यांशु को हाल ही में जिला बदर अवधि समाप्त होने के बाद पुनः आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया गया।
गुना पुलिस आमजन से अपील करती है कि ऑनलाइन सट्टा और अवैध गतिविधियों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
गुना पुलिस की इस कार्यवाही में डीएसपी श्री आनंद राय, उपनिरीक्षक रूहिल शर्मा, सउनि रामगोपाल सिंह तोमर, आरक्षक ऋषीकेश शर्मा, और उनकी टीम का सराहनीय योगदान रहा है।
यह कार्यवाही गुना जिला में अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ एक सशक्त संदेश है कि कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Continue With Google
Comments (0)