गुना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 घंटे में सुलझी डीजल टैंकर लूट, आरोपी गिरफ्तार
बजरंगगढ़: गुना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लूट की एक बड़ी घटना का महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र में डीजल से भरे टैंकर को लूटकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के ललितपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का विवरण:
दिनांक 11 जून को फरियादी राजकुमार जाट ने पुलिस को शिकायत दी थी कि बजरंगगढ़ स्थित शनि मंदिर के पास आरोपी ने उसे डरा-धमकाकर डीजल से भरा टैंकर लूट लिया है। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों से मिली कामयाबी:
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और पतारसी से पता चला कि आरोपी नरेन्द्र कुमार लोधी, जो पूर्व में इसी क्षेत्र में कार्य कर चुका था, टैंकर लेकर चंदेरी और राजघाट के रास्ते अपने पैतृक गांव पटपुरा (जिला ललितपुर, उ.प्र.) भाग गया है।
पुलिस की टीम ने ऐसे की गिरफ्तारी:
सूचना मिलते ही बजरंगगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार के नेतृत्व में एक टीम तत्काल ललितपुर रवाना हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया और लूटा गया टैंकर मय डीजल बरामद कर लिया। बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका:
इस सफल ऑपरेशन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक राजेश शुक्ला, दिलीप कलावत, आरक्षक महेश बंजारा, नवल किशोर, अभयराज रघुवंशी और साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव का विशेष योगदान रहा।

Continue With Google
Comments (0)