सिवनी -:
कृषि विभाग ने घंसौर विकासखंड के बाम्हनवाड़ा गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित 150 बोरी डीएपी खाद जप्त की है। विभागीय अधिकारियों को खाद के नकली होने की भी आशंका है, जिसके चलते नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार कृषि विभाग को सूचना मिली थी कि खाद व्यापारी अशोक गोलहानी की डीएपी खाद बाम्हनवाड़ा निवासी शिवकुमार के घर में अवैध रूप से भंडारित की गई है। सूचना के आधार पर कृषि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां बड़ी मात्रा में डीएपी खाद रखी मिली। जांच के दौरान संबंधित पक्ष मौके पर खाद के भंडारण एवं परिवहन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
कृषि विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए 150 बोरी डीएपी खाद जप्त कर ली। इस कार्रवाई में सहायक संचालक कृषि विभाग सिवनी पवन कौरव, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी घंसौर रश्मि राजनेगी एवं कृषि विभाग सिवनी के मुकेश मीणा उपस्थित रहे। जप्ती के बाद विभागीय अधिकारी मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने घंसौर थाने पहुंचे।
वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी रश्मि राजनेगी ने बताया कि जप्त डीएपी खाद की गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होने पर उसके नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खाद निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नकली।
कृषि विभाग द्वारा इस मामले में वस्तु नियंत्रण आदेश एवं उर्वरक (नियंत्रण) आदेश के प्रावधानों के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। विभाग का कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता अथवा नकली खाद का मामला सामने आता है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल कृषि विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है तथा जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि जांच के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
Continue With Google
Comments (0)