सीहोर के भैरुंदा थाना पुलिस ने प्रशासन के नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से बोरिंग कर रहे एक व्यक्ति पर कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से बोरिंग मशीन और एक अन्य वाहन जब्त किया है। यह कार्रवाई दुर्गा चौक के पास डूडी कॉम्प्लेक्स के अंदर की गई।
पुलिस अधीक्षक सीहोर दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशों पर गश्त के दौरान भैरुंदा पुलिस को यह बोरिंग मशीन दिखी। पुलिस ने बोरिंग कर रहे व्यक्ति से पूछताछ की। व्यक्ति ने अपना नाम श्रवण पंवार (26 वर्ष), पिता माखन सिंह पंवार, निवासी बजरंग कुटी गेट के पास भैरुंदा बताया।
जब उससे बोरिंग के संबंध में वैध दस्तावेज और अनुमति मांगी गई, तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इससे स्पष्ट हुआ कि उसने कलेक्टर सीहोर के आदेशों का उल्लंघन किया है। पुलिस ने बोरिंग मशीन (वाहन क्रमांक KA01MN2161) और सामान ढोने वाली एक अन्य मशीन (वाहन क्रमांक KA01MN2171) को जब्त कर लिया।
एसडीओपी रोशन जैन ने बताया कि आरोपी श्रवण पंवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 (ए) और म.प्र. पेयजल परिरक्षण अधिनियम की धारा 3/9 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Continue With Google
Comments (0)