बुधनी में बड़ी स्क्रीन पर देखा गया भारत-न्यूजीलैंड टी-20 फाइनल

बुधनी 8 मार्च भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले का रोमांच नगर के बस स्टैंड परिसर में बड़ी एलईडी स्क्रीन पर देखने को मिला। युवा शक्ति क्लब बुधनी एवं नगर परिषद के स्वच्छता ब्रांड एंबेसेडर अर्जुन मालवीय के सहयोग से इस विशेष आयोजन की व्यवस्था की गई थी।

रविवार को मैच शुरू होते ही बस स्टैंड परिसर में बड़ी संख्या में नगरवासी, युवा और क्रिकेट प्रेमी अपने परिवार व मित्रों के साथ पहुंचने लगे। बड़ी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण के चलते पूरे परिसर में मैच का उत्साह देखने को मिला। भारत के हर चौके और छक्के पर दर्शकों ने तालियां बजाकर और इंडिया-इंडिया के नारे लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

आयोजकों द्वारा दर्शकों के लिए स्वल्पाहार व नाश्ते की भी व्यवस्था की गई थी, जिससे लोगों ने मैच का आनंद लेते हुए आयोजन की सराहना की। देर रात तक चले इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

आयोजक ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नगरवासियों को एक साथ जोड़ते हुए क्रिकेट के इस ऐतिहासिक फाइनल का सामूहिक आनंद दिलाना और भारतीय टीम का उत्साह बढ़ाना था।