बस स्टैंड की पेयजल समस्या पर नपा अध्यक्ष और सीएमओ सख्त
मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण
टीकमगढ़। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल बस स्टैंड पर लंबे समय से बनी पेयजल समस्या को लेकर बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार और मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदोरिया ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। यात्रियों और दुकानदारों की लगातार शिकायतों के बाद हुए इस निरीक्षण में अधिकारियों ने मौके की वास्तविक स्थिति देखी और संबंधितों से बातचीत कर समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने बताया कि बस स्टैंड परिसर में लगी पानी की टंकी वर्षों से खराब पड़ी है, जिसके कारण यात्रियों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ता है। स्थिति यह है कि प्यास बुझाने के लिए यात्रियों को गर्मी के मौसम में मानवीय संवेदना समिति द्वारा लगाए जाने वाले प्याऊ पर निर्भर रहना पड़ता है। यात्रियों ने अधिकारियों से स्थायी पेयजल व्यवस्था की मांग की। मौके की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ने कहा कि बस स्टैंड शहर का महत्वपूर्ण और भीड़भाड़ वाला स्थान है, जहां रोजाना सैकड़ों यात्री आते-जाते हैं। ऐसे में पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस स्टैंड पर जल्द नई पानी की टंकी स्थापित की जाए और परिसर में लगे सभी नलों की खराब टोंटियां तत्काल बदली जाएं, ताकि यात्रियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदोरिया ने कहा कि निरीक्षण के दौरान जो कमियां सामने आई हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर पालिका यात्रियों की सुविधा को लेकर गंभीर है और पेयजल के साथ-साथ साफ-सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड के पास स्थित पार्क की सफाई भी कराई गई। सीएमओ ने दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की कि वे बस स्टैंड परिसर में गंदगी न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई और सुविधाओं को बनाए रखना केवल नगर पालिका ही नहीं, बल्कि आमजन की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान पार्षद ध्रुव यादव, अनीस खान, जल विभाग के उपयंत्री सहित नगर पालिका का अमला मौके पर मौजूद रहा। नगर पालिका अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि शीघ्र ही बस स्टैंड पर पेयजल और स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा, जिससे यात्रियों को राहत मिल सकेगी।
Continue With Google
Comments (0)