श्रीराम जन्मोत्सव पर प्रभु श्रीराम की भव्य आरती के साथ निकलेगी ऐतिहासिक हिंदू एकता शोभायात्रा

 

श्रीराम और हनुमान की दिव्य प्रतिमाएं होंगी आकर्षण का केंद्र 

फोटो - 

बैतूल। सनातन धर्म के प्रमुख पर्व श्रीराम जन्मोत्सव को लेकर शहर में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। राष्ट्रीय हिन्दू सेना द्वारा 26 मार्च को गेंदा चौक से भव्य हिंदू एकता शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसका समापन नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए लल्ली चौक कोठी बाजार में होगा। नगर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और व्यापारी इस शोभायात्रा को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए सक्रिय रूप से लोगों से सहभागिता की अपील कर रहे हैं।

राष्ट्रीय हिन्दू सेना के जिला मीडिया प्रभारी अंश अग्रवाल ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीराम जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित शोभायात्रा को भव्यता प्रदान करने के लिए संगठन के पदाधिकारी बैतूल नगर के समाजसेवी बंधुओं, व्यापारी वर्ग और गणमान्य नागरिकों को भगवा वस्त्र भेंट कर आमंत्रित कर रहे हैं तथा पूरे नगर को भगवा रंग से सजाने का संकल्प लिया गया है।

जिला युवा मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 मार्च को श्रीराम जन्मोत्सव के दिन राष्ट्रीय हिन्दू सेना द्वारा गेंदा चौक से प्रभु श्रीराम की भव्य आरती के साथ ऐतिहासिक हिंदू एकता शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए लल्ली चौक कोठी बाजार में समाप्त होगी।

- शोभायात्रा को भव्य और आकर्षक बनाने का आह्वान

युवा नगर सह संयोजक प्रिंस साहू ने बताया कि बैतूल नगर के भाजपा नेता दीपक दीपू सलूजा, आनंद प्रजापति, व्यापारी संघ अध्यक्ष मनोज भार्गव, योग वेदांत संघ अध्यक्ष राजेश मदान, समाजसेवी नितिन देशमुख, गोलू उघड़े, वैभव डैनी राठौर, राजू गुगनानी, धीरज धिरू हिराणी, अंशुमन बझले, नवनीत श्रीवास, डूडू दादा, अरुण जयसिंगपुरे, जयस संगठन के संदीप धुर्वे, अजय शर्मा, उमाकान्त मालवीय, प्रदीप छोटा वर्मा, अजय गंगारे, राखी मोबाइल से श्री संदीप सहित अनेक गणमान्य नागरिकों और व्यापारी बंधुओं ने वीडियो के माध्यम से हिंदू समाज से अपील करते हुए श्रीराम जन्मोत्सव शोभायात्रा को भव्य और आकर्षक बनाने का आह्वान किया है।

- झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

नगर युवा उपाध्यक्ष विदित मालवी ने बताया कि शोभायात्रा में प्रभु श्रीराम की दिव्य प्रतिमा, हनुमान जी की दिव्य प्रतिमा, श्री हनुमान जी की झांकी, बाहुबली हनुमान जी की वानर सेना, बजरंग व्यायामशाला द्वारा अखाड़ा प्रदर्शन तथा आदिवासी नृत्य और संगीत आकर्षण का केंद्र होंगे। पूरे आयोजन को भव्य बनाने के लिए नगर में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं और हिंदू समाज से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की जा रही है।