कट्ठीवाड़ा। क्षेत्र में पहली बार शिक्षा और बाल प्रतिभाओं को मंच देने वाला विशेष आयोजन होने जा रहा है। राणा काठिवाड़ा फाउंडेशन द्वारा संचालित कमल विद्या निकेतन, कट्ठीवाड़ा में 11 एवं 12 मार्च को विद्यालय का पहला दो दिवसीय वार्षिक उत्सव (एनुअल डे) आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन कट्ठीवाड़ा क्षेत्र के लिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि यहां पहली बार इस तरह का वार्षिक उत्सव आयोजित हो रहा है।
उत्सव के पहले दिन 11 मार्च को खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के आकर्षक ड्रिल डांस से होगी। इसके बाद ऑब्स्टेकल रेस, 100 मीटर दौड़ और 50 मीटर दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें विद्यालय के छात्र-छात्राएं पूरे उत्साह के साथ भाग लेंगे।
वहीं दूसरे दिन 12 मार्च को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चे रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जिससे कार्यक्रम में उत्सव जैसा माहौल रहेगा।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार कमल विद्या निकेतन का उद्देश्य कट्ठीवाड़ा क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराना और उनके सर्वांगीण विकास के लिए सकारात्मक व प्रेरणादायक वातावरण तैयार करना है।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक तथा क्षेत्र के गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे और बच्चों का उत्साहवर्धन करेंगे।

Continue With Google
Comments (0)