बुदनी के चार खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन, नगर में निकाली गई सम्मान रैली
बुदनी।
खेल जगत में बुदनी का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। बुदनी के चार होनहार खिलाड़ियों—आलोक गुप्ता, प्रणय राठौर, कनक यादव एवं वंशिका सोनी—का सब जूनियर शॉर्ट हैंडबॉल राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर नगर में हर्ष और गौरव का माहौल देखने को मिला।
हैंडबॉल एसोसिएशन सीहोर–बुदनी के तत्वावधान में चयनित खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई, जिसके पश्चात युवा शक्ति क्लब द्वारा खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद नगर में एक भव्य सम्मान रैली निकाली गई, जो बस स्टैंड से प्रारंभ होकर तहसील मार्ग होते हुए दशहरा मैदान बुदनी में संपन्न हुई।
रैली और सम्मान समारोह में रग्बी एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अर्जुन मालवीय, सचिव सतेन्द्र सिंह सिवाच, हैंडबॉल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष धीरेंद्र तिवारी, सचिव राजेश यादव, कोच मोहम्मद इरफान, युवा शक्ति क्लब के अध्यक्ष मंटू खान, सोनू चौहान, शिक्षकगण, हैंडबॉल खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने चारों खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं और बधाई दीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चयनित चारों खिलाड़ी कैंब्रिज हायर सेकेंडरी स्कूल, बुदनी के विद्यार्थी हैं। ये खिलाड़ी आंध्र प्रदेश के तिरुपति में आयोजित होने वाली सब जूनियर शॉर्ट हैंडबॉल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। खिलाड़ी 1 फरवरी 2026 को ट्रेन संख्या 16032 अंडमान एक्सप्रेस से इटारसी जंक्शन से तिरुपति के लिए रवाना होंगे।
नगरवासियों को उम्मीद है कि ये होनहार खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बुदनी और जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे।