अखण्ड यादव

बल्देवगढ़ | बल्देवगढ़ कृषि विभाग में एसडीओ महक खत्री द्वारा किए जा रहे हैं भ्ष्टाचार से  किसान परेशान हैं क्षेत्र के कृषकों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती से जोड़ने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश सरकार द्वारा कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत शुरू किया गया। यह कृषि रथ अभियान ग्रामीण क्षेत्र में पूरी तरह से फ्लॉप साबित होता नजर आ रहा है। गांव-गांव किसानों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के बजाय कृषि विभाग इस अभियान को केवल कागजी औपचारिकता बनाकर चला रहा है।

11 जनवरी 2026 से जनपद में कृषि रथ को भ्रमण पर भेजा गया है, लेकिन स्थिति यह है कि रथ पर न तो माइक सिस्टम, न लाउडस्पीकर, न ही कोई जानकार अधिकारी मौजूद। केवल एक बैनर टांगकर रथ को गांवों में घुमा दिया जा रहा है, जिससे किसानों को योजनाओं की जानकारी मिलना तो दूर, उन्हें पता भी नहीं चल पा रहा कि रथ किस उद्देश्य से आया है।

जबकि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि कृषि रथ के माध्यम से किसानों को

जैविक एवं प्राकृतिक खेती,

मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना,

एकीकृत पोषक तत्व, कीट एवं रोग प्रबंधन,

तथा कृषि को लाभकारी व्यवसाय में बदलने के उपाय

विस्तार से बताए जाएं। साथ ही प्रधानमंत्री की धन-धान्य कृषि योजना को सफल बनाने के लिए कृषि विभाग की सभी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके लिए शासन द्वारा लाखों रुपये का बजट भी जारी किया गया है।

लेकिन जमीनी सच्चाई यह है कि बजट कहां खर्च हुआ, यह बड़ा सवाल बन गया है।

इस मामले में जब एस.ए.डी.ओ. महक खत्री से सवाल किया गया तो उन्होंने माइक सिस्टम खराब होने की बात कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया और “कल से सुधार” का आश्वासन दे दिया।

वहीं सहायक संचालक कृषि दिनेश कुमार जाटव से जब माइक सिस्टम के बारे में पूछा गया तो वे सवाल सुनते ही भड़क गए और केवल इतना कहा कि “खराब हो गया है।”

सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर माइक सिस्टम खराब है तो बिना व्यवस्था के रथ क्यों दौड़ाया जा रहा है?

क्या किसानों की जागरूकता सिर्फ दिखावा बनकर रह गई है?

हालांकि बेसा ग्राम में पहुंचे कृषि रथ में कृषि विज्ञानकों द्वारा सीमित रूप से एकीकृत कीट प्रबंधन और मृदा स्वास्थ्य कार्ड की जानकारी दी गई, लेकिन यह प्रयास ऊंट के मुंह में जीरा साबित हुआ।

अब देखना यह होगा कि कृषि विभाग इस गंभीर लापरवाही पर कब संज्ञान लेता है या फिर कृषि रथ अभियान भी अन्य योजनाओं की तरह फाइलों और फोटो तक ही सीमित रह जाएगा।