सीहोर विजय मालवीय
• कलेक्टर श्री बालागुरु ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
• बोर्ड परीक्षाओं के सुव्यवस्थित संचालन के दिए निर्देश
कलेक्टर बालागुरु ने माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश द्वारा संचालित बोर्ड परीक्षाओं के अंतर्गत सीहोर स्थित उत्कृष्ट विद्यालय तथा एमएलबी स्कूल परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा परीक्षा संचालन से जुड़ी गतिविधियों को प्रत्यक्ष रूप से देखा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों के लिए बैठने की उपयुक्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों में विद्युत आपूर्ति, पंखों के संचालन एवं शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में अनुकूल एवं शांत वातावरण बनाए रखा जाए, जिससे परीक्षार्थी बिना किसी व्यवधान के परीक्षा दे सकें।
कलेक्टर बालागुरु ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री न लाएं। उन्होंने अवांछित गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने एवं किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी सहित सभी विकासखंड स्तरीय अधिकारियों एवं नूडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे नियमित परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करें । इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि बोर्ड परीक्षाओं का संचालन पूरी तरह से व्यवस्थित, पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप किया जाए, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सकें। इसके साथ ही उन्होंने सामान्य दिवसों में स्कूलों में लगे स्वर नेत्र परीक्षण चार्ट द्वारा स्कूल के सभी बच्चों के नेत्रों का परीक्षण भी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री संजय सिंह तोमर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Continue With Google
Comments (0)