आपदा बचाव एवं जनसुरक्षा के लिए जनजागरूकता साइकिल रैली आयोजित

नर्मदापुरम/09 मार्च 2026। कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देशानुसार जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नर्मदापुरम द्वारा “आपदा बचाव एवं जनसुरक्षा जागरूकता अभियान 2025–26” के अंतर्गत जनजागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित के नेतृत्व में एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस एवं होमगार्ड के जवानों ने रैली के माध्यम से लोगों को आपदा से बचाव के प्रति जागरूक किया।
कलेक्टर कार्यालय परिसर से डिप्टी कलेक्टर बबिता राठौर ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। रैली प्रातः 8 बजे शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शांतिनिकेतन स्कूल पहुंची और वहां से आगे बढ़ते हुए होमगार्ड कार्यालय में संपन्न हुई।
रैली में एनसीसी व एनएसएस के स्वयंसेवकों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस एवं होमगार्ड के जवानों ने प्राकृतिक आपदाओं के समय बचाव के उपायों और सुरक्षित रहने के तरीकों की जानकारी देकर जनसामान्य को जागरूक किया।
इस अवसर पर प्लाटून कमांडर शिवराज चौधरी, एसआई सुंदर लाल मरावी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा जिले में आपदा प्रबंधन और जनसुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं।