अखण्ड यादव बल्देवगढ़। नवागत थाना प्रभारी चंदन शाक्य ने पदभार संभालते ही सक्रियता दिखाते हुए गुरुवार को नगर में पैदल भ्रमण किया। बस स्टैंड से प्रारंभ हुआ यह भ्रमण मुख्य बाजार होते हुए बम्होरी तिगैला तक पहुंचा, जहां उन्होंने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से संवाद कर नगर की समस्याओं की जानकारी ली।
इस दौरान थाना प्रभारी ने विशेष रूप से नगर में बढ़ती जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए लोगों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आमजन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। दुकानदारों से भी अतिक्रमण न करने और सड़क पर वाहन व्यवस्थित खड़े करने का आग्रह किया गया।
पैदल भ्रमण के दौरान चंदन शाक्य ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए। उनकी इस पहल से नगरवासियों में उत्साह और विश्वास का माहौल देखने को मिला। लोगों ने उम्मीद जताई कि नए थाना प्रभारी के नेतृत्व में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
वहीं, थाना प्रभारी के इस सख्त और सक्रिय रुख से असामाजिक तत्वों और अपराधियों में खलबली मच गई है। नागरिकों का कहना है कि इस तरह की पहल से निश्चित ही अपराधों पर अंकुश लगेगा और नगर में शांति व्यवस्था बेहतर होगी।

Continue With Google
Comments (0)