अखण्ड यादव बल्देवगढ़। नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का मामला सामने आया है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप सीधे तौर पर नगर परिषद के उपयंत्री संदीप मिश्रा और राकेश वर्मा पर लगाए जा रहे हैं, जिनकी कथित लापरवाही और मिलीभगत से ठेकेदार खुलेआम घटिया निर्माण कार्य कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि नगर के विभिन्न वार्डों में लाखों रुपये की लागत से कराए जा रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है। विशेष रूप से बम्होरी तिगैला क्षेत्र में निर्माणाधीन नाली कार्य भ्रष्टाचार का प्रमुख उदाहरण बनकर सामने आया है। यहां ठेकेदार द्वारा निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग कर शासन की गाइडलाइन को दरकिनार किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस निर्माण कार्य में उपयंत्री संदीप मिश्रा और राकेश वर्मा की सीधी मिलीभगत है। शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि निर्माण कार्य में 50 प्रतिशत स्टोन क्रेशर डस्ट और 50 प्रतिशत नदी की रेत का उपयोग किया जाए, ताकि निर्माण मजबूत और टिकाऊ हो सके। इसके विपरीत, मौके पर 100 प्रतिशत डस्ट का उपयोग किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गया है।
सूत्रों के अनुसार, ठेकेदार द्वारा कथित रूप से अधिकारियों को मोटी कमीशन देकर नियमों की अनदेखी करवाई जा रही है। यही कारण है कि जिम्मेदार इंजीनियर मौके पर निरीक्षण के लिए उपस्थित नहीं रहते और ठेकेदार को मनमर्जी से कार्य करने की खुली छूट मिली हुई है।
नगरवासियों का कहना है कि यदि इसी तरह घटिया निर्माण कार्य होते रहे, तो कुछ ही समय में ये निर्माण ध्वस्त हो जाएंगे, जिससे शासन के लाखों रुपये पानी में बह जाएंगे और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
इस पूरे मामले में उपयंत्री संदीप मिश्रा और राकेश वर्मा की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए लोगों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि नगर परिषद और जिला प्रशासन इन गंभीर आरोपों को कितनी गंभीरता से लेते हैं और क्या वाकई भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाते हैं या नहीं।
अगर नगर में नाली के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है साथ ही मापदंड के अनुसार निर्माण कार्य नहीं किया जा रहा है तो इसकी जांच के लिए कलेक्टर सर को पत्र लिखा जाएगा
डॉ अनिल गुप्ता तहसीलदार बल्देवगढ़
Continue With Google
Comments (0)