बल्देवगढ़। कार्यालय जनपद पंचायत बल्देवगढ़ में आज भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। मध्यप्रदेश शासन द्वारा 10 अप्रैल से 14 अप्रैल तक प्रत्येक जनपद स्तर पर अंबेडकर जयंती मनाने के निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम भारती देवी मिश्रा एवं मंडल अध्यक्ष नंदू चौरसिया उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन हरि नारायण गर्ग द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम के संयोजक शोभाराम प्रजापति रहे। कार्यक्रम के दौरान बीपीओ नरेंद्र जैन ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन एवं उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

इसके पश्चात प्यासी प्रसाद जाटव ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए अंबेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन और समाज सुधार में उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में छोटी-छोटी बच्चियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने अपने मनमोहक प्रदर्शन से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर प्रभारी जनपद सीईओ निशांत भूरिया, तहसीलदार डॉक्टर अनिल गुप्ता, जनपद सीईओ विकास राव, परियोजना अधिकारी महेश दोहरे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एमके अहिरवार, आजाक जिला अध्यक्ष सहित ब्लॉक अध्यक्ष उमराव अहिरवार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. अंबेडकर के बताए मार्ग पर चलने एवं उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।