बड़वानी में तेज वर्षा के साथ गिरे अंगूर दाने के बराबर ओले, तैयार गेहूं-चना फसल को नुकसान बेमौसम बारिश की मार। राजस्थान में बने पश्चिमी विक्षोभ ने बदला निमाड़ का मौसम, अस्त व्यस्त हुआ शहर

बड़वानी :- बीते कई दिनों से जनजीवन को झुलसा रही तेज धूप पर गुरुवार आधे दिन बादलों का पहरा रहा। वहीं देर शाम आसमान में बिलजी की चमक के साथ जमकर बादल गरजे। रात्रि 9 बजे तेज हवा आंधी के साथ तेज वर्षा शुरू हुई। इस दौरान आसमान से अंगूर दाने के बराबर बर्फ के ओले भी बरसे। तेज धूल भरी हवा-आंधी से शहर अस्त व्यस्त हो गया। इसके बाद तेज वर्षा ने सड़कों को तर कर दिया।
दरअसल राजस्थान में इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, उसका प्रभाव मध्यप्रदेश के कुछ जिलों के साथ पश्चिम निमाड़ के बड़वानी जिले में बना हुआ है। इसके चलते गुरुवार रात्रि करीब आधे घंटे तक एक समान वर्षा हुई और बर्फ के ओले भी आसमान से जमकर ओले बरसे। हवा-आंधी शुरु होते ही 8.45 बजे से विद्युत सेवा ठप हो गई, जो रात्रि 11 बजे बाद सुचारु हो पाई। हवा-आंधी से कई जगह पेड़ गिरने की सूचना हैं। करीब आधे घंटे बाद वर्षा और तेज हवा आंधी ने खेतों में खड़ी व पकी फसलों को नुकसान पहुंचाया।जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई।
मौसम विशेषज्ञ रवींद्रसिंह सिकरवार ने कहा कि राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ हैं। इसका असर पश्चिम निमाड़ तक हैं। अगले 24 घंटे के दौरान जिले में तेज हवाएं चलने के साथ चमक-गरज के साथ बूंदाबांदी, हल्की वर्षा हो सकती है। दिन-रात के तापमान में उतार-चढ़ाव आएगा।