बीना खुरई रोड ब्रिज पर अवैध कॉलोनियों के खिलाफ नगर पालिका की कड़ी कार्रवाई

बीना: नगर पालिका परिषद ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बीना खुरई रोड ब्रिज के पास अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाया। इस कार्रवाई में अवैध निर्माण हटाया गया, जिससे जमीन मालिकों में भारी नाराजगी देखी गई।

नगर पालिका प्रशासन ने पहले कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी किया था, लेकिन इसके बावजूद कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनी का निर्माण जारी था। यह बीना नगर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ पहली बार की गई कार्रवाई है, जिसने अवैध कॉलोनाइजरों में खलबली मचा दी है।

कार्रवाई के दौरान, नगर पालिका अधिकारी आर.के. गौरव अपनी टीम के साथ खुरई रोड ब्रिज के पास स्थित कृषि भूमि पर पहुंचे। नायब तहसीलदार रतिराम अहिरवार, पटवारी और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में अवैध निर्माण को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया गया।

जैसे ही बुलडोजर की कार्रवाई की खबर फैली, नगर पालिका उपाध्यक्ष रमाकांत और जमीन मालिक अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। नाराज जमीन मालिक ने नगर पालिका अधिकारी पर अपनी नाराजगी जाहिर की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने मामले को शांत कराया।

नगर पालिका अधिकारी आर.के. गौरव ने कहा, "कॉलोनियों के खिलाफ यह मुहिम जारी रहेगी और अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर की कार्रवाई लगातार की जाएगी।"

इस कार्रवाई से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है और नगर पालिका की इस सख्ती ने अवैध निर्माणकर्ताओं को चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।