महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल: भाजपा पर वादा खिलाफी का आरोप

श्यामपुर - सीहोर

रिपोर्टर: बसीम उददीन

केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर बढ़ती महंगाई और वादा खिलाफी को लेकर कांग्रेस ने कड़ा प्रहार किया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती ने रसोई गैस के बढ़ते दाम और ठप्प आपूर्ति को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं।

राजीव गुजराती ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आम जनता की मजबूरियों का फायदा उठाकर आपदा में अवसर ढूंढ रही है। उन्होंने कहा कि चुनावी वादों के तहत भाजपा ने उज्ज्वला और लाड़ली बहनों को साढ़े चार सौ रुपए में गैस सिलेंडर देने का आश्वासन दिया था, पर सत्ता में आते ही सरकार ने अपने वादे भुला दिए। अब न केवल रसोई गैस के दामों में भारी वृद्धि हो गई है, बल्कि घरेलू और कमर्शियल गैस की आपूर्ति भी ठप्प हो गई है।

जनता में त्राहि-त्राहि का डर

राजीव गुजराती ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही गैस की आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो आम जनता के बीच त्राहि-त्राहि मच जाएगी। उन्होंने सरकार पर कृत्रिम संकट पैदा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को मूर्ख बनाना बंद किया जाए और गैस की आपूर्ति को सुचारू रूप से बहाल किया जाए।

कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन का ऐलान

गुजराती ने कहा कि रसोई का बजट बिगड़ने से मध्यम और गरीब वर्ग पूरी तरह टूट चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि गैस की कीमतों में कटौती नहीं की गई और आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर जनता के हक की लड़ाई लड़ेगी।