ओंकारेश्वर।

तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में आस्था और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा शुरू की गई “एक नई पहल” के तहत शनिवार को 55 श्रद्धालुओं ने पहले रक्तदान किया, फिर भगवान ओंकारेश्वर के विशेष दर्शन कर दोहरा पुण्यलाभ अर्जित किया।

जिला प्रशासन की इस अभिनव व्यवस्था के अनुसार, ओंकारेश्वर में रक्तदान करने वाले श्रद्धालुओं को ज्योतिर्लिंग मंदिर में वीआईपी प्रोटोकॉल के तहत निःशुल्क दर्शन की सुविधा प्रदान की जा रही है। इस पहल से न केवल रक्तदान को प्रोत्साहन मिल रहा है, बल्कि तीर्थयात्रियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत हो रही है।

कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 55 श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रक्तदान करने वाले सभी श्रद्धालुओं को भगवान ओंकारेश्वर का चित्र एवं प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया।

श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे सेवा और श्रद्धा दोनों का समन्वय हो रहा है। प्रशासन की यह पहल आने वाले समय में और अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करेगी, ऐसा विश्वास व्यक्त किया जा रहा है।