छतरपुर। जिला पंचायत सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई आमजन के लिए राहत की किरण बनकर सामने आई। कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस जनसुनवाई में कुल 106 आवेदनों पर सुनवाई की गई। संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया एवं संयुक्त कलेक्टर अखिल राठौर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

दिवंगत किसानों के परिजनों को 8 लाख की सहायता

जनसुनवाई में मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना के अंतर्गत दो मामलों में त्वरित राहत प्रदान की गई। ग्राम बरा निवासी रामदेवी पटेल की खेत में करंट लगने से हुई मृत्यु के मामले में उनके पति रामकिशन पटेल को 4 लाख रुपए का चेक दिया गया। वहीं ग्राम जटकरा के संतोष कुशवाहा की करंट से मृत्यु पर उनकी पत्नी बेनीबाई को भी 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन और संबल कार्ड वितरण

प्रशासन ने फाइलों की औपचारिकताओं से आगे बढ़ते हुए मौके पर ही समाधान प्रस्तुत किया। छतरपुर निवासी रिजवान अहमद को दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत 1 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कर तत्काल खाते में ट्रांसफर करने के निर्देश दिए गए। वहीं ढिलापुर की आरती अहिरवार को संबल कार्ड बनवाकर उसकी प्रति मौके पर ही प्रदान की गई।

6 वर्षों पुरानी आधार समस्या का समाधान

जनसुनवाई में 12 वर्षीय यश चाचना की 6 वर्षों से लंबित आधार बायोमेट्रिक समस्या का भी तत्काल निराकरण किया गया। इसी प्रकार ईशानगर निवासी प्रकाश अवस्थी के आधार कार्ड में भी मौके पर सुधार कराया गया।

जनसुनवाई में कुल 106 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके त्वरित निराकरण के लिए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। समस्याओं का त्वरित समाधान मिलने पर आवेदकों ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।