अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर, सोशल मीडिया पर सतत निगरानी-एसपी शुक्ल ने ली क्राइम बैठक, कहा- अपराध रोकना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है
 
बड़वानी :- एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने  जिले के सभी थाना प्रभारी और राजपत्रित अधिकारियों की क्राइम बैठक ली। एसपी ने जिले में किसी भी प्रकार के अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश देते हुए कहा कि अपराध रोकना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। साथ ही महिला और बच्चियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए बैठक में आगामी त्योहार गणगौर, ईद और रामनवमी को दृष्टिगत रखते हुए ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को सक्रिय करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में उनका सहयोग लेने के निर्देश दिए गए। त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी थाना और चौकी प्रभारियों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने, मुख्य मार्गों और तिराहों पर विशेष निगरानी रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावी
रात्रि गश्त करने तथा आमजन से सतत संवाद बनाए रखने के लिए कहा। फरार स्थाई वारंटी और इनामी बदमाशों की थाना स्तर पर समीक्षा कर उनकी गिरफ्तारी के लिए सख्त निर्देश दिए। साथ ही ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत गुम नाबालिग बालक-बालिकाओं की तलाश कर उनकी शीघ्र दस्तयाबी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एएसपी धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी दिनेश सिंह चौहान, एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे, डीएसपी अजाक निलेश्वरी डावर
सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

*अवैध शराब, सट्टा, जुआ, अवैध हथियार पर सख्त कार्रवाई करें*

थाना प्रभारियों को लंबित अपराध, चालान, मर्ग, गुम इंसान, खत्मा खर्जी, शिकायतों और महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों की समीक्षा करते हुए उनका शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए। लंबित मर्ग एवं माल के निराकरण के लिए भी सख्त निर्देश दिए गए। एमएलसी और पीएम रिपोर्ट को मेडलेपर पोर्टल पुलिस
के माध्यम से भेजने तथा प्राप्त करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अवैध शराब, सट्टा, जुआ, अवैध हथियार और मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए।

* *हादसों में कमी के लिए ब्लैकस्पॉट पर सुधार करें*
एसपी शुक्ल ने ऑपरेशन पवित्र के तहत आदतन अपराधियों की निगरानी बढ़ाने, अधिक से अधिक बदमाशों को बाउंड ओवर करने तथा गंभीर अपराधियों की जमानत नस्तीकरण की कार्रवाई के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त वाहन चेकिंग में सख्ती लाने, अवैध हथियारों की रोकथाम, अवैध गोवंश परिवहन पर कार्रवाई और स्थाई व फरार वारंटियों की गिरफ्तारी तेज करने के निर्देश दिए। सडड़ दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए चिह्नित ब्लैक स्पॉटों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

*ई-साक्ष्य आधारित विवेचना को मजबूत करें*

बैठक में एसपी ने सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित कराने और किसी भी प्रकार की अफवाह या गैर परंपरागत गतिविधियों को तत्काल रोकने के निर्देश दिए। ई साक्ष्य आधारित विवेचना को मजबूत बनाने, साइबर अपराध और महिला अपराध के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए समय समय पर जागरूकता अभियान आयोजित करने के निर्देश भी दिए। जिससे आमजन को इन अपराधों से बचाव के तरीकों के प्रति जागरूक किया जा सके।