नरसिंहपुर/गोटेगांव:-(मोहन सिंह राजपूत)- नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरी में आपसी रंजिश और व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता के चलते युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक सड़क किनारे मरणासन्न अवस्था में मिला, जिसे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम देवरी निवासी 29 वर्षीय रंजीत पटेल, पिता नेतराम पटेल को गोटेगांवखेड़ा रोड के पास घायल अवस्था में पड़ा पाया गया। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल गोटेगांव शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन अत्यधिक गंभीर चोटों के कारण उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
परिजनों ने गांव के ही गुड्डु पटेल और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के पिता नेतराम पटेल के अनुसार रंजीत लकड़ी काटने का काम करता था और इसी काम को लेकर आरोपी उससे रंजिश रखता था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते रंजीत का अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
मृतक के चचेरे भाई नीरज पटेल ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर रंजीत जीवित था और उसने कहा था, “मुझे गुड्डू ने बहुत मारा है।” परिजनों का दावा है कि रंजीत ने पुलिस के सामने भी बयान दिए, जिन्हें मरणोपन्न कथन माना जा रहा है।
एसडीओपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के अंतिम बयान की वीडियोग्राफी कराई गई है, जिसे जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है। वहीं थाना प्रभारी नीरज सराफ के अनुसार पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है। परिजन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Continue With Google
Comments (0)