शिक्षकों ने जिला मुख्यालय पर निकाली बाइक रैली, ज्ञापन सौंपा*
बड़वानी -शिक्षक पात्रता परीक्षा को रद्द करने एवं नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर शिक्षक हाईस्कूल में एकत्रित हुए और बाइक रैली निकाली। इस दौरान हाथों में टीएटी विरोधी नारे लिखी तख्तियां थाम कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां नायब तहसीलदार बाबूसिंह निनाना को प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के शैलेंद्र जाधव और राधेश्याम यादव ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद की अधिसूचना दिनांक 23 अगस्त 2010 की कंडिकाओं के अनुसार निम्न श्रेणी के शिक्षकों को टीईटी से छूट के बावजूद भी मध्य प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षको को परीक्षा के लिए बाध्य करना न्यायालय के निर्णय की भावना के विपरीत प्रतीत होता है। इसलिए टीईटी परीक्षा से संबंधित आदेशों को तत्काल निरस्त किया जाना चाहिए। संयुक्त मोर्चा के जिला संयोजक रघुवीर सोलंकी और राकेश जोगी ने मांग की है कि नवीन शैक्षणिक संवर्ग के शिक्षकों की लंबे समय से लंबित मांग को दृष्टिगत रखते हुए उनकी सेवा अवधि की गणना प्रथम नियुक्ति दिनांक से करने, पेंशन, ग्रेच्युटी और अवकाश नगदीकरण जैसे वैधानिक लाभ के तत्काल आदेश जारी होना चाहिए।
*18 अप्रैल को भोपाल में महारैली*
-संयुक्त मोर्चा के महिला मोर्चा की पदाधिकारी कौशल्या कन्नौजे और सुनीता शुक्ला ने आगामी रणनीति के बारे में बताया कि 18 अप्रैल को भोपाल में महारैली का आयोजन किया गया हैए बावजूद उसके हमारी मांगों का निराकरण नहीं होता है तो मध्य प्रदेश के शिक्षक दिल्ली पहुच कर रैली निकलेंगे। रैली में प्रमुख रूप से बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए।

Continue With Google
Comments (0)