ईद-उल-फितर का पर्व शनिवार को मुस्लिम समाज द्वारा हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। ईदगाह पर शहर काजी मुजक्कीर अली काजी ने ईद की नमाज अदा कराई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।

नमाज के दौरान देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

ईद के मौके पर बच्चों में खास उत्साह देखने को मिला। नए कपड़े पहनकर बच्चे ईदगाह पहुंचे और ईदी पाकर खुश नजर आए। घरों में सेवइयों और मिठाइयों का दौर चलता रहा।

त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन मुस्तैद रहा। तहसीलदार, थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम सहित पुलिस बल तैनात रहा।