यादव समाज का प्रतिभा सम्मान समारोह केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न
बुधनी (बैरखेड़ी)। यादव अहीर समाज द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय कृषि व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में श्री चौहान ने कहा कि यदुवंश की गौरवगाथा द्वापर युग से आज तक प्रेरणास्रोत रही है। यह वही समाज है जिसे भगवान श्रीकृष्ण का सानिध्य प्राप्त हुआ और जिसने गोवर्धन पर्वत उठाकर अहंकार को परास्त करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर शून्य डिग्री तापमान में भी यादव समाज के जवान तैनात रहकर राष्ट्र की रक्षा कर रहे हैं।
प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने गीता का संदेश दोहराते हुए कहा, “कर्म करते रहो, तुम ईश्वर के अंश हो। दुनिया में ऐसा कोई कार्य नहीं जो तुम नहीं कर सकते। मैं तुम्हारे भीतर प्रेरणा जगाने आया हूं। माता-पिता, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करो।” उन्होंने कहा कि समाज को संगठित रखना आसान नहीं होता, इसके लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। साथ ही सरकार द्वारा गरीब बच्चों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री चौहान द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई। उन्होंने कन्याओं को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। समारोह में समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पत्रकार नरेंद्र यादव को मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ सीहोर का जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर उनका भी पुष्पहार से स्वागत कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने मां नर्मदा तट, बुधनी बैरखेड़ी में एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यादव समाज की धर्मशाला का लोकार्पण भी किया। राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने धर्मशाला के लिए 5 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।
कार्यक्रम स्थल पर केंद्रीय मंत्री श्री चौहान, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, विधायक रमाकांत भार्गव सहित सभी अतिथियों का आयोजन समिति के अध्यक्ष आसाराम यादव एवं समाज के अन्य सदस्यों द्वारा अंगवस्त्र, पुष्पहार व मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता रामसजीवन यादव ने किया।
समारोह में यादव समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और प्रतिभाओं के सम्मान के इस आयोजन को सफल बनाया।

Continue With Google
Comments (0)