नरसिंहपुर/गोटेगांव:-(मोहन सिंह राजपूत)- ग्राम भड़री (मनकवारा) की पुण्यधरा एक बार फिर भक्ति, श्रद्धा और सनातन संस्कृति के दिव्य आलोक से आलोकित होने जा रही है। तहसील गोटेगांव अंतर्गत ग्राम भड़री (मनकवारा) में आज 24 मई, रविवार से 30 मई, शनिवार तक भव्य श्रीमद्भागवत पुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हो रहा है। कथा का रसपान गौपीठाधीश्वर पूज्य महंत आचार्य विपिन बिहारी जी महाराज के श्रीमुख से कराया जाएगा।

ग्राम भड़री, मनकवारा एवं भांडी के समस्त ग्रामवासियों के यजमानत्व में आयोजित यह आध्यात्मिक महायज्ञ क्षेत्र में धर्म, संस्कृति और समाजसेवा का अनुपम संगम सिद्ध होगा। सात दिवसीय इस विराट आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण बना हुआ है। गोटेगांव नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से हजारों श्रद्धालुओं के कथा श्रवण हेतु पहुंचने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

आयोजन स्थल को आकर्षक धार्मिक स्वरूप प्रदान किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल पंडाल, बैठक व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं वाहन पार्किंग जैसी व्यवस्थाएं व्यापक स्तर पर की गई हैं। आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सूक्ष्म स्तर पर तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

इसी क्रम में क्षेत्रीय विधायक महेंद्र नागेश एवं सांसद प्रतिनिधि पंकज चौकसे ने आयोजन समिति और ग्राम के वरिष्ठजनों के साथ कथा स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।

पूज्य कथावाचक महाराज श्री के प्रतिनिधियों ने भी आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए ग्रामवासियों की सेवा भावना, समर्पण और धार्मिक आस्था की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

विशेष उल्लेखनीय है कि सांवरे सरकार धाम के महंत आचार्य विपिन बिहारी जी महाराज का यह प्रवास केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज जागरण एवं मानवीय मूल्यों के संवर्धन का भी प्रेरणास्रोत बनेगा। महाराज श्री अपने प्रवचनों के माध्यम से गौवंश संरक्षण, वृद्धजनों के सम्मान, नारी सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता एवं मानवीय सेवा जैसे विषयों पर जनमानस को जागरूक करेंगे। कथा के माध्यम से धर्म के साथ-साथ संस्कार और समाजसेवा की चेतना को भी नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

ग्रामीण अंचल में आयोजित होने वाला यह आध्यात्मिक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का विराट स्वरूप प्रस्तुत करेगा। आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासियों ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर कथा श्रवण करने एवं पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

कथा कार्यक्रम के विभिन्न दिवसों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन के सचिव इंजी. सरदार सिंह पटेल, पूर्व राज्य मंत्री जालम सिंह पटेल, विधायक महेंद्र नागेश, भाजपा जिलाध्यक्ष पं. रामस्नेही पाठक, जनपद अध्यक्ष श्रीमती आरती सतीश पटेल, श्रीमती जानकीबाई दादूराम पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पूनम जितेंद्र ठाकुर, श्रीमती श्रद्धा पंकज चौकसे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।