होली पर्व पर गुना पुलिस का व्यापक सुरक्षा संकल्प

शहर के चप्पे-चप्पे पर रहेगा कड़ा पहरा, हुड़दंगियों पर होगी कठोर एवं निर्णायक कार्रवाही

गुना पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी (भा.पु.से.) के कुशल नेतृत्व में इस होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए जिले भर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि हर नागरिक सुरक्षित माहौल में होली मना सके, और किसी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना न हो।

विशेष सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था

  • व्यापक पुलिस तैनाती एवं गश्त व्यवस्था: शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील स्थलों की पूर्व पहचान कर निगरानी बढ़ाई गई है।
  • शराब पीकर वाहन चलाने पर विशेष अभियान: जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। होटल, ढाबों पर अवैध शराब सेवन पर कार्रवाई होगी।
  • हुड़दंग और यातायात उल्लंघन पर जीरो टॉलरेंस: तीन सवारी, तेज रफ्तार और स्टंट करने वालों पर सख्त कार्रवाही होगी। महिलाओं और बच्चों से अभद्रता पर तत्काल कानूनी कार्रवाई होगी।
  • सीसीटीवी, ड्रोन एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग: प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर साइबर सेल की नजर रहेगी।

बसों हेतु विशेष रूट डायवर्जन व्यवस्था

गुना–ग्वालियर–शिवपुरी मार्ग की बसें जज्जी बस स्टैंड से हाईवे बायपास रोड होकर गुजरेंगी। ब्यावरा–इंदौर–भोपाल मार्ग की बसों के लिए भी यही मार्ग निर्धारित है। यह व्यवस्था 02 मार्च की शाम से 04 मार्च की शाम तक प्रभावी रहेगी।

भारी वाहनों की शहर में एंट्री प्रतिबंधित

प्रातः 06:00 बजे से रात्रि 23:00 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहन केवल NH-46 बायपास से ही गुजरेंगे। शहर में भारी वाहन प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा ताकि दुर्घटनाओं की संभावनाएं न्यूनतम रहें।

प्रशासन का स्पष्ट संदेश

पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी ने जिलेवासियों से अपील की है कि होली प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का पर्व है, इसे गरिमा के साथ मनाएं। किसी की इच्छा के विरुद्ध रंग न लगाएं और कानून तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।

नागरिकों से अपील

  • अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें।
  • यातायात नियमों का पालन करें और नशे से दूर रहें।
  • शांति और सौहार्द बनाए रखें।

गुना पुलिस का संकल्प है कि होली का पर्व उल्लास, सुरक्षा और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हो। आइए हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि यह होली सुरक्षित, संयमित और आनंदपूर्ण होगी — ऐसी होली, जिसमें हर घर में हँसी गूंजे और कोई दुर्घटना न हो।

गुना पुलिस – “आपकी सुरक्षा, हमारा दायित्व”