तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर और एसपी भी पहुंचे

जबलपुर रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय का 36वां दीक्षांत समारोह की तिथि 21 जून तय की गई है। इससे इसकी तैयारियों ने तेजी पकड़ ली है। यही वजह है कि अब शनिवार को अवकाश के दिन भी विवि के कार्यालय खुले रहेंगे और छात्र छात्राओं का रजिस्ट्रेशन होगा। विवि में चल रहे कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने कलेक्टर और एसपी ने गुरुवार को विवि का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए। दीक्षांत समारोह के मद्देनजर गुरुवार को जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा आयोजन से जुड़ी विभिन्न समितियों की तैयारियों की समीक्षा की। विश्वविद्यालय में आयोजित बैठक में कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार

वर्मा, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, एसडीएम मोनिका बाघमारे एवं कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल ने समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने आयोजन स्थल, मंच व्यवस्था, दीक्षांत शोभायात्रा, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था तथा पार्किंग प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। चूंकि समारोह में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के आने की संभावना है इसलिए यह आयोजन बहुत विशिष्ट हो गया है।

पंजीयन के बाद जारी होगी सूची-दीक्षांत समारोह आयोजन समिति के संयोजक प्रो. एसएस संधू कने बताया कि समारोह में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और पीएचडी उपाधिधारकों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके लिए पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 15 जून है। पंजीयन के बाद तय

 

होगा कि कितने छात्र-छात्राएं समारोह में आएंगे। शनिवार 6 जून को विश्वविद्यालय के कार्यालय खुले रहेंगे। बैठक में प्रो. राकेश बाजपेयी, प्रो. ममता राव, प्रो. अलका नायक, प्रो. जेके मैत्रा, प्रो. धीरेन्द्र पाठक, पवन साहू, डॉ. अजय सिंह, ओमप्रकाश यादव सहित विभिन्न समितियों के संयोजक एवं सदस्य उपस्थित रहे।