रीवा: रीवा से डभौरा तक सड़क निर्माण के तहत सिरमौर से डभौरा सेक्शन के चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण के लिए 311 करोड़ 62 लाख रुपए की मंजूरी दी गई है। इस संबंध में एक अहम समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई, जिसमें सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि सिरमौर से डभौरा तक की सड़क अत्यंत महत्वपूर्ण है। जन आकांक्षाओं के मद्देनजर इसका निर्माण शीघ्र शुरू करना आवश्यक है।

बरदहा घाटी में सुधार की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि अतरैला और पटेहरा में पर्याप्त चौड़ी नालियों का निर्माण कर पानी की निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सड़कों की चौड़ाई 18 मीटर रखी जाए ताकि घाट के नीचे के लोगों के लिए यह सड़क एक बड़ी सौगात साबित हो सके।

विधायक का सुझाव और भू-अर्जन की स्थिति

विधायक सिरमौर श्री दिव्यराज सिंह ने बैठक में कहा कि पटेहरा, अतरैला, लटियार और पनवार में सड़कों के दोनों ओर घर और दुकानें स्थित हैं, इसलिए सड़कों की चौड़ाई 18 मीटर तक बढ़ाना आवश्यक है। इसके निर्माण में निवासियों के हितों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जानकारी दी कि डभौरा-सिरमौर रोड निर्माण के लिए 27 गांव प्रभावित हो रहे हैं, जिनमें से तीन गांवों में भू-अर्जन की आवश्यकता नहीं है। शेष 24 गांवों में भू-अर्जन के प्रस्ताव तैयार हैं। सड़कों के निर्माण के लिए शासकीय जमीन का उपयोग किया जाएगा, और केवल अति आवश्यक होने पर भू-अर्जन किया जाएगा।

सड़क निर्माण की योजना और तकनीकी सुधार

बैठक में कार्यपालन यंत्री एनएचआई तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि ने बताया कि सड़कों की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। प्रभावित वनभूमि में निर्माण कार्य की अनुमति के लिए प्रस्ताव भेजा गया है, जो जल्द मिलने की उम्मीद है।

सड़कों के साथ नाली निर्माण और बिजली व्यवस्था की जाएगी। अतरैला और पटेहरा में जल निकासी के समुचित प्रबंध किए जाएंगे। सड़कों के नए एलाइनमेंट में निजी भूमि और परिसंपत्तियों को कम से कम प्रभावित करने का विशेष ध्यान रखा गया है।

बैठक में एसडीएम जवा पीयूष भट्ट, तहसीलदार जितेन्द्र तिवारी, नायब तहसीलदार अनुपम पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।