आलोट। श्री महावीर विद्यालय, आलोट में नवीन खेल परिसर का भव्य उद्घाटन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कर्नाटक के महामहिम राज्यपाल डॉ. थावरचंद गहलोत शामिल हुए।

उनके गरिमामय आगमन से विद्यालय परिसर उत्साह, ऊर्जा और प्रेरणा से सराबोर नजर आया। राज्यपाल महोदय ने फीता काटकर खेल परिसर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक जितेंद्र गहलोत, मंडल अध्यक्ष दिलीप डोडिया सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का घोष वादन, तिलक एवं पुष्प अभिनंदन के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात नवीन खेल परिसर का शुभारंभ हुआ।

विद्यालय द्वारा ग्रीष्मावकाश के दौरान बच्चों एवं अभिभावकों के लिए विशेष रूप से खेल परिसर खोला जा रहा है, जिसमें ओपन जिम, छोटे बच्चों हेतु झूले एवं फिसलपट्टी तथा क्रिकेट ग्राउंड नेट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

संस्था अध्यक्ष डॉ. शिखर जैन ने बताया कि 7 एवं 8 मई को आयोजित खेल, व्यायाम एवं योग गतिविधियों में बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने अत्यंत उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उन्होंने कहा कि प्रातः 5:30 बजे आयोजित योग सत्र ऊर्जा, अनुशासन और सकारात्मकता से भरपूर रहा, जिसने सभी प्रतिभागियों को नई प्रेरणा प्रदान की।

मुख्य अतिथि डॉ. थावरचंद गहलोत ने अपने संबोधन में स्वर्गीय कुंदनमल जी जैन को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए विद्यालय परिवार से अपने लगभग 46 वर्षों पुराने आत्मीय संबंधों को याद किया।

उन्होंने भावुकता के साथ कहा कि विद्यालय आने की उनकी इच्छा लंबे समय से थी, जो लगभग आठ वर्षों बाद पूर्ण हो सकी। राज्यपाल महोदय ने शिक्षा, संस्कार, खेल एवं योग के क्षेत्र में संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

स्वागत भाषण में संस्था अध्यक्ष डॉ. शिखर जैन ने विद्यालय की विकास यात्रा का संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। वहीं प्राचार्य मनोज शर्मा ने राज्यपाल महोदय का विस्तृत परिचय देते हुए उन्हें देश के विशिष्ट एवं प्रेरणादायी नेताओं में बताया तथा उनके सहज, व्यवहारिक और आत्मीय व्यक्तित्व की विशेषताओं का उल्लेख किया।

समारोह के दौरान राष्ट्रगान एवं सस्वर वंदे मातरम् का गायन किया गया, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो उठा।

इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों में नंदनराज जैन, दिलीप डोडिया, उपेंद्रसिंह यादव, अनिल भरावा, नंदलाल जोशी, अभिषेक जैन, दिनेश कोठारी, संस्था कोषाध्यक्ष धर्मचंद जैन, सचिव सिरेमल भंडारी, रामप्रसाद मुनीम सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिखा शर्मा एवं नीरज जैन ने किया तथा आभार प्रदर्शन समिति सदस्य मनीष सेठिया ने माना।