क्वींस ऑन द व्हील 3.0 की अद्भुत यात्रा
ईशा फाउंडेशन के संस्थापक सद्गुरु जग्गी वासुदेव ने महिला बाइक राइडर्स से की बातचीत
महिला बाइकिंग टूर 'क्वींस ऑन द व्हील' के तृतीय संस्करण का आयोजन मध्यप्रदेश के समृद्ध और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों को विश्वभर में प्रचारित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस टूर का शुभारंभ 7 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से किया था।
गुरुवार को यह महिला बाइक राइडर्स की टीम ऐतिहासिक खजुराहो पहुंची। यहां पहुंचकर उन्होंने विश्व प्रसिद्ध खजुराहो मंदिरों की अद्वितीय वास्तुकला और इतिहास को करीब से समझा। राइडर्स ने खजुराहो की सांस्कृतिक धरोहर, कला और पर्यटन स्थलों का अनुभव लिया और उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की।
टीम ने आदिवर्त ट्राइबल म्यूजियम का भी दौरा किया। म्यूजियम में प्रदर्शित आदिवासी समुदायों की जीवनशैली, कला, शिल्प और परंपराओं ने सभी को बेहद प्रभावित किया।
सद्गुरु के साथ संवाद: आत्मविश्वास और सशक्तिकरण पर चर्चा
पश्चिमी समूह मंदिरों के भ्रमण के दौरान, सद्गुरु जग्गी वासुदेव ने महिला बाइक राइडर्स के साथ संवाद किया। उन्होंने आत्मविश्वास, साहस और सामाजिक परिवर्तन में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की। सद्गुरु ने कहा कि यदि महिलाएं दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें, तो वे किसी भी क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर सकती हैं। बाइक राइडिंग स्वतंत्रता, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का प्रतीक है।
महिला राइडर्स ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि ऐसे कार्यक्रमों से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
1400 किमी का साहसिक सफर
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के अनुसार, देशभर की 25 महिला सुपर बाइक राइडर्स 7 दिन में 1400 किलोमीटर का सफर तय करेंगी। खजुराहो के बाद वे सागर से होते हुए 13 मार्च को भोपाल लौटेंगी, जहां इस विशेष बाइकिंग इवेंट का समापन होगा।
यह आयोजन राज्य की ऐतिहासिक और पुरातात्विक विरासत को प्रमुखता देगा और मध्यप्रदेश को महिलाओं के लिए एक सुरक्षित और समृद्धिशाली पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करेगा।

Continue With Google
Comments (0)