खकनार
प्रवेशोत्सव कार्यकम सम्पन्न
विद्यार्थियों में नवीन सत्र को लेकर उत्साह

खकनार शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में नवीन शैक्षणिक सत्र के प्रथम दिवस प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यकम जिला पंचायत सदस्य अशोक पटेल के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती माता जी की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्जवलन एवं माल्यार्पण से किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में उपस्थित समस्त विद्यार्थियों का स्वागत रोली तिलक लगाकर एवं उन्हें पुष्पहार पहनाकर किया गया एवं उन्हें शासन द्वारा प्राप्त निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया । मुख्य अतिथि पटेल ने अपने उदबोधन  कहा कि शिक्षा के गिरते स्तर एवं गिरते हुए परीक्षा परिणाम पर चिन्ता व्यक्त की। उन्होनें कहा कि शिक्षा के गिरते स्तर के लिए वर्तमान समय में टी वी एवं मोबाईल जिम्मेदार है। विद्यार्थी अपना अधिकांश समय टी वी और मोबाईल के साथ गुजार रहें हैं जिससे उनका सामाजिक एवं नैतिक पतन हो रहा है। पीढी संस्कार विहीन हो रही है। इसके लिए सभी समान रूप से जिम्मेदार है। शिक्षकों के साथ ही पालकों को भी इस ओर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। प्रभारी प्राचार्य के, के ,पाराशर ने भी समस्त शिक्षकों से कर्तव्यनिष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करने एवं विद्यार्थियों से अधिक मेहनत करने एवं श्रेष्ठ परीक्षा परिणाम देने की अपील की।

कार्यक्रम में जनपद सदस्य गोकुल पाटील, महामंत्री प्रशांत ढाके, जनप्रतिनिधि हिम्मत निकम, पालकगण के अलावा समस्त उत्कृष्ट विद्यालय का स्टॉफ उपस्थित था ।