खकनार
प्रदेश में भारतीय किसान संघ ने सौंपे ज्ञापन, किसानों की समस्याओं के निराकरण की मांग
बुरहानपुर/खकनार/धुलकोट भारतीय किसान संघ द्वारा सोमवार को पूरे मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री के नाम तहसील स्तर पर ज्ञापन सौंपे गए। इसी क्रम में बुरहानपुर धुलकोट एवं खकनार तहसील में भी किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। जिला अध्यक्ष संतोष महाजन ने बताया कि मालवा प्रांत में
भारतीय किसान संघ की योजना के अनुसार जिले की चार तहसीलों में 1 अप्रैल से 10 अप्रैल के बीच प्रांत एवं प्रदेश के अध्यक्ष का ग्राम समिति स्तर तक 24 घंटे का प्रवास योजना बनी है जिसके अंतर्गत आज प्रांत उपाध्यक्ष रेवाराम सेठ का प्रवास खकनार तहसील के खेर खेड़ा ग्राम में हुआ इस अवसर पर सह मंत्री इंद्रपाल महाजन एवं खकनार तहसील अध्यक्ष राजू प्रजापति के नेतृत्व में तहसीलदार खकनार को ज्ञापन भी प्रस्तुत किया गया। ज्ञापन में प्रमुख मांगों में गेहूं की सरकारी खरीदी, भावांतर योजना का लाभ, बैंक खाते की वार्षिक खाता पलटी की तारीख तय करने, नरवाई पर कार्रवाई पर रोक एवं नरवाई के स्थायी समाधान, भूमि अधिग्रहण का उचित मुआवजा शामिल रहे।
इसके साथ ही ग्राम बिरोदा एवं पातोंडा में जनवरी माह में आए आंधी-तूफान से हुए नुकसान का मुआवजा तथा दो दिवस पूर्व शाहपुर क्षेत्र में आंधी-तूफान से हुए नुकसान का शीघ्र सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग भी की गई।
ज्ञापन सौंपने के पश्चात खकनार तहसील के ग्राम खेरखेड़ा स्थित गोराबा काका मंदिर प्रांगण में भारतीय किसान संघ की ग्राम एवं तहसील स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मालवा प्रांत के उपाध्यक्ष रेवाराम सेठ ने संगठन की रीति-नीति एवं वर्षभर के कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
बैठक में ग्राम की महिला शक्ति, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। इस दौरान भारतीय किसान संघ के मंत्री इंद्रपाल महाजन, संभाग प्रभारी नरेंद्र जाधव, सह मंत्री वसंत पाटिल, सुभाष पाटिल, तहसील अध्यक्ष राजू प्रजापति, ग्राम समिति अध्यक्ष ईश्वर प्रजापति, उपाध्यक्ष विनोद पाटिल, अरुण महाजन प्रमोद लश्करे, महेंद्र चौधरी एवं प्रचार-प्रसार प्रभारी प्रवीण चौधरी सहित अनेक किसान उपस्थित थे।

Continue With Google
Comments (0)