खिमलासा के ग्राम माला सुनेठी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, किसान की फसल और हार्वेस्टर जलकर राख

खिमलासा: ग्राम माला सुनेठी में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट के कारण एक किसान के खलियान में आग लग गई, जिससे मक्के की फसल और एक हार्वेस्टर पूरी तरह से जलकर खाक हो गए। इस घटना में करीब 8 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, रामचरण और राममिलन सिंह दांगी के खलियान में मक्के की फसल और हार्वेस्टर रखा हुआ था। दोपहर करीब 2:00 बजे, खलियान के पास स्थित डीपी में शॉर्ट सर्किट हो जाने के कारण आग लग गई।

आग की सूचना मिलते ही डायल 112 के चालक रोहित और आरक्षक मलखान पाल, नगर पालिका फायर ब्रिगेड के चालक लखन राय और खिमलासा थाने से आरक्षक गौरव मीणा अन्य जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

किसान राममिलन ने बताया कि खलियान में 100 कुंटल से ज्यादा मक्के की फसल रखी थी, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये थी, जबकि हार्वेस्टर की कीमत करीब 6 लाख रुपये थी।

पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने किसानों को आग से बचाव के उपायों पर ध्यान देने की आवश्यकता को रेखांकित किया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

प्रतिपाल राजपूत, बीना/खिमलासा