कुंडेश्वर वृद्धाश्रम में आयुष विभाग का समग्र स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न
38 बुजुर्गों की जांच व औषधि वितरण
टीकमगढ़। संचालनालय आयुष, मध्य प्रदेश के निर्देश एवं राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के सहयोग से गुरुवार को कुंडेश्वर स्थित वृद्धाश्रम में समग्र स्वास्थ्य एवं योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देशन तथा जिला आयुष अधिकारी टीकमगढ़/निवाड़ी विनोद कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। यह शिविर श्रेया मानव कल्याण एवं ग्रामीण विकास समिति द्वारा संचालित कुंडेश्वर वृद्धाश्रम में होलिस्टिक वेल बीइंग कैंप के अंतिम चरण के रूप में आयोजित हुआ। दिनांक 27 फरवरी 2026 को आयोजित इस शिविर में योग अभ्यास, मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण एवं आयुष पद्धति से स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में कुल 38 वृद्धजनों का ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच की गई। इसके साथ ही आयुर्वेदिक पद्धति से रोग परीक्षण कर वात, कास (खांसी), प्रतिश्याय (सर्दी-जुकाम), उदर रोग, उच्च रक्तचाप सहित अन्य बीमारियों का परीक्षण किया गया। रोगानुसार आवश्यक आयुष औषधियों का वितरण भी किया गया। उपस्थित बुजुर्गों को फल एवं स्वल्पाहार भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर वृद्धाश्रम परिसर में बुजुर्गों के मानसिक स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण हेतु भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा। योग प्रशिक्षक द्वारा नियमित योगाभ्यास के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया तथा बुजुर्गों को सरल प्राणायाम एवं ध्यान की विधियां सिखाई गईं। शिविर में डॉ. सत्येंद्र कुमार गुप्ता, डॉ. सीमा जैन, प्रमेश जैन, आशीष मिश्रा, श्रीमती मंजुलता रावत, योग प्रशिक्षक राहुल चौधरी, मनोज दुबे एवं जगदीश अहिरवार सहित चिकित्सा एवं सहयोगी दल उपस्थित रहा। कुंडेश्वर वृद्धाश्रम से अधीक्षक कुलदीप विश्वकर्मा, तेजसिंह घोष, रवि राय एवं रामा केवट सहित अन्य कर्मचारी एवं वृद्धजन भी कार्यक्रम में सहभागी बने। आयोजन का उद्देश्य वृद्धजनों को समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा आयुष पद्धति के माध्यम से उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना रहा। शिविर के माध्यम से बुजुर्गों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नियमित जांच की आवश्यकता पर बल दिया गया।

Continue With Google
Comments (0)