शहडोल जिले के ब्यौहारी तहसील कार्यालय में सहायक खंड लेखक लल्लू प्रजापति को रीवा लोकायुक्त की टीम ने 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि फरियादी रमेश प्रसाद रजक (45 वर्ष), पिता मंगल प्रसाद रजक से आरोपी ने मकान खाली कराने एवं कब्जा दिलाने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी।

जानकारी के अनुसार आरोपी सहायक खंड लेखक पहले मार्च माह में 12 हजार रुपये तथा बाद में 15 हजार रुपये ले चुका था। इसके बावजूद वह लगातार और पैसे की मांग कर रहा था। शिकायत के बाद रीवा लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और बुधवार को तहसील कार्यालय में 75 हजार रुपये लेते समय आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बनी रही।