अखंड एकता का प्रतीक: भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा
जावरा: श्रीराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को नगर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने हिंदू एकता का प्रतीक प्रस्तुत किया, जिसमें हर उम्र का व्यक्ति भगवा रंग में रंगा नजर आया। पूरा नगर भगवा ध्वज और फूलों से सजा हुआ था।
शोभायात्रा में हजारों रामभक्तों ने भाग लिया और जय श्रीराम के जयकारे लगाते हुए सड़कों पर निकल पड़े। व्यापारियों ने अपने व्यापार-व्यवसाय बंद रखकर इस 2 किमी लंबी यात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत किया और ठंडाई वितरित की। हिंदू सनातनी एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री हनुमान चालीसा समिति ने इस आयोजन का पांचवां साल मनाया।
शोभायात्रा का भव्य स्वागत
नगर के विभिन्न स्थानों पर रंग-गुलाल से लेकर फूलों की तोप से शोभायात्रा का स्वागत किया गया। युवाओं ने डीजे पर थिरकते हुए और भगवा ध्वज लहराते हुए मुख्य मार्गों से गुजरे। विशेष रूप से युवतियों और भगवाधारी महिलाओं का उत्साह दर्शनीय था। इस बार पिछले वर्ष की तुलना में दोगुना ज्यादा महिलाएं यात्रा में शामिल हुईं।
राम जी की मूर्ति और हनुमान बने आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में भगवान श्री राम और संकट मोचन हनुमान की मूर्तियां आकर्षण का केंद्र रहीं। जिन मार्गों से यात्रा गुजरी वहां खड़े श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर पुष्पवर्षा करते नजर आए।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
यात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। एडिशनल एसपी विवेक कुमार लाल, एसडीएम सुनील जायसवाल, नगर पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह चौहान, एसडीओपी संदीप मालवीय, शहर थाना प्रभारी दीपक मंडलोई और औद्योगिक थाना क्षेत्र प्रभारी विक्रम जोशी सहित पूरा पुलिस अमला शोभायात्रा के रूट पर तैनात रहा। यात्रा से पूर्व संवेदनशील क्षेत्रों का ड्रोन सर्वे करवाया गया और ऊंची बिल्डिंगों पर पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई।
शाम 6 बजे शोभायात्रा का समापन हुआ, जिसके बाद सभी भक्तों को महाप्रसादी वितरित की गई।

Continue With Google
Comments (0)