*जनसुनवाई में गरजे विधायक सिद्धार्थ तिवारी ‘राज’, कहा—भ्रष्टाचार और देरी अब नहीं होगी बर्दाश्त*
त्यौंथर। विधायक सिद्धार्थ तिवारी ‘राज’ ने मंगलवार को स्थानीय रेस्ट हाउस में विशाल जनसुनवाई का आयोजन किया, जिसमें क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। घंटों तक चली इस जनसुनवाई में लोगों ने राजस्व, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें रखीं, जिन पर विधायक ने गंभीरता दिखाते हुए कई मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के “सुशासन और पारदर्शी प्रशासन” के संकल्प को दोहराते हुए विधायक ने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार और काम में देरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
जनसंवाद के दौरान विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि सरकार खुद जनता के द्वार तक पहुंचे और हर नागरिक को सशक्त बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी गरीब को बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकना पड़ा, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल समस्याओं पर विशेष ध्यान देते हुए विधायक ने पीएचई विभाग को निर्देश दिए कि क्षेत्र का एक भी हैंडपंप खराब न रहे। वहीं राजस्व विभाग को सीमांकन और नामांतरण जैसे लंबित मामलों को तय समय-सीमा में निपटाने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान विधायक स्वयं आवेदकों के पास जाकर उनके आवेदन लेते नजर आए और उन्हें भरोसा दिलाया कि वे व्यक्तिगत रूप से शिकायतों की मॉनिटरिंग करेंगे।
जनसुनवाई में तहसीलदार राजेंद्र शुक्ल, जनपद सीईओ प्रवीण बसोर, बिजली विभाग के डीई आशीष बेन, वन विभाग के एसडीओ हृदय लाल सिंह, नगर पंचायत सीएमओ अजय पांडेय, परियोजना अधिकारी दीपक मिश्रा, पीडब्ल्यूडी के एसडीओ अंगिरा तिवारी, अरविंद तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Continue With Google
Comments (0)