स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों में जुटी नगर पालिका

बड़वानी :-स्थानीय नगर पालिका द्वारा आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शहर को स्वच्छता के मानकों पर अग्रणी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। नपा द्वारा घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। साथ ही गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। जिनमें स्कूलों, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लिया जा रहा है। नपा सीएमओ सोनाली शर्मा बताया कि शहर के सार्वजनिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर नियमित साफ सफाई सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा, खुले में शौच मुक्त की
स्थिति को बनाए रखने और सार्वजनिक शौचालयों की साफ सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सीएमओ ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शहर को स्वच्छ और सुंदर शहरों की श्रेणी में शामिल किया जाए। बता दें कि गत वर्ष के सर्वेक्षण में नपा का प्रदर्शन कमजोर रहा था। इस बार स्कोर सुधारने के लिए नगर पालिका अमला से पसीना बहा रहा हैं।
आमजन से सहयोग की अपील नपाध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान ने स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग प्राप्त करने के लिए नागरिकों से अपील की जन भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें। प्लास्टिक का उपयोग न करें। कपड़े की थैली का उपयोग करें। नगर पालिका के साथ आमजन भी शहर की स्वच्छता में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।