रायसेन में मंगलवार दोपहर एक पूर्व कर्मचारी ने नर्सरी प्रभारी डिप्टी रेंजर सहित तीन लोगों को गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और कुछ दूरी पर एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस गोलीबारी में डिप्टी रेंजर और एक महिला कर्मचारी घायल हो गए।

 

पुलिस के अनुसार, पूर्व कर्मचारी ने नर्सरी प्रभारी डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा को पीठ में गोली मारी। एक अन्य महिला कर्मचारी सुमन बाई को भी पीठ में गोली लगी, जो शरीर के आर-पार हो गई। वहीं, एक युवक डाल चंद गोली लगने से बाल-बाल बच गया क्योंकि वह नीचे लेट गया और गोली उसके ऊपर से निकल गई।

 

गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। कुछ देर बाद उसका शव पास ही एक पेड़ से लटका मिला, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि उसने आत्महत्या कर ली है।

 

आरोपी पूरन उर्फ गुड्डा लोधी 4 से 5 साल पहले नर्सरी में मजदूरी करता था, जिसे हटा दिया गया था। आज वह देसी कट्टा लेकर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पांच गोलियां चलाई। मौके पर उसे जो भी दिखाई दिया उस पर गोली चलाई।